कोरबा, 10 जून 2026 (वेदांत समाचार)। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, कोरबा द्वारा 17 जून 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले में विभिन्न निजी कंपनियों और संस्थानों द्वारा 500 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता संबंधी दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थल पर उपस्थित होना होगा।
रोजगार मेले में सतरेंगा महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड कोरबा, परिश्रम ह्यूमन रिसोर्स गुड़गांव, द रॉयल हंटर कोरबा, अहुआ मोबाइल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड रायपुर, आईसेक्ट कोरबा तथा भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) कोरबा सहित कई प्रतिष्ठित संस्थान भाग लेंगे।
भर्ती के लिए जिन पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, उनमें सीईओ, अकाउंटेंट, मीटर इंस्टॉलेशन कर्मचारी, पिकर-पैकर, डॉग हैंडलर, असिस्टेंट डॉग हैंडलर, टीम लीडर, टेरिटरी सेल्स मैनेजर, वीवो ब्रांड प्रमोटर, कैशियर, कंप्यूटर ऑपरेटर, टेली कॉलर, सिविल इंजीनियर, बीमा सखी और बीमा एजेंट जैसे पद शामिल हैं। इनमें मीटर इंस्टॉलेशन के लिए 300 तथा पिकर-पैकर के लिए 200 पदों पर भर्ती की जाएगी।
रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा अधिकतम आयु 60 वर्ष निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता पदानुसार आईटीआई, स्नातक एवं अन्य निर्धारित योग्यता होगी। चयनित अभ्यर्थियों को 7 हजार रुपये से 25 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। सभी रिक्तियां मुख्य रूप से कोरबा जिले के लिए हैं।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर पंजीयन होना अनिवार्य है। इच्छुक उम्मीदवार पर जाकर अपना रोजगार पंजीयन कर सकते हैं तथा संबंधित रिक्त पदों का चयन कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल होने के दौरान अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन दस्तावेज, अनुभव प्रमाण पत्र (यदि हो) तथा पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, कोरबा के दूरभाष नंबर 07759-222069 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से रोजगार मेले का लाभ उठाने और अपने करियर को नई दिशा देने की अपील की है।

