जांजगीर-चांपा, 10 जून 2026 (वेदांत समाचार)। चांपा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रंगदारी मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर एक दुकानदार के साथ मारपीट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शंकर नगर चांपा निवासी दीपक देवांगन ने 7 जून 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 6 जून की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पहले शंकर नगर निवासी शंकर दास महंत उर्फ बिल्ला और उसके साथी तुषार बरेठ उर्फ तुस्सु ने उसे रास्ते में रोक लिया।
आरोपियों ने दुकानदार से कहा कि उसकी दुकान अच्छी चलती है और उन्हें शराब पीने के लिए पैसे चाहिए। जब दीपक देवांगन ने पैसे देने से मना कर दिया तो दोनों आरोपी भड़क गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उससे रंगदारी वसूलने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ मारपीट कर दी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 291/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 126(2), 296, 351(3), 115(2), 119(1) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चांपा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों की तलाश कर 10 जून 2026 को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में शंकर दास उर्फ बिल्ला महंत (27 वर्ष) और तुषार बरेठ उर्फ तुस्सु (19 वर्ष), दोनों निवासी शंकर नगर, चांपा शामिल हैं।
पूरी कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल दिवाकर, आरक्षक वीरेश सिंह तथा थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में रंगदारी, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

