पामगढ़ पुलिस की अनूठी पहल: ग्राम भड़ेसर में 60 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन, साइबर जागरूकता और नशा मुक्ति का दिया संदेश - vedantsamachar.in

पामगढ़ पुलिस की अनूठी पहल: ग्राम भड़ेसर में 60 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन, साइबर जागरूकता और नशा मुक्ति का दिया संदेश

जांजगीर-चांपा, 10 जून 2026 (वेदांत समाचार)। महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पामगढ़ पुलिस ने ग्राम भड़ेसर में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाते हुए 60 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन किया। इस दौरान ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, यातायात नियमों और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं थाना प्रभारी सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस टीम ग्राम पंचायत भड़ेसर पहुंची। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और ग्राम स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से महिला कमांडो टीम का गठन किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने महिला कमांडो टीम की सदस्यों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय, ऑनलाइन ठगी की पहचान, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा डिजिटल सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर भी विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, सड़क दुर्घटनाओं से बचाव तथा राहगीरों की सहायता के लिए संचालित राहवीर योजना की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियमों का पालन कर कई दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

नशा मुक्ति अभियान के तहत युवाओं और ग्रामीणों को शराब तथा अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए स्वस्थ और सुरक्षित समाज निर्माण में सभी की सहभागिता पर जोर दिया।

महिला सुरक्षा को लेकर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, बाल विवाह, महिला उत्पीड़न और महिला अधिकारों से जुड़े कानूनों की जानकारी भी दी गई। महिलाओं को किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन और स्थानीय पुलिस से तत्काल संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

महिला कमांडो टीम की सदस्यों को जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए टोपी और सीटी वितरित की गई। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें गांव में सुरक्षा सहयोगी के रूप में कार्य करने, सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने तथा अपराधों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने का आह्वान किया।

पामगढ़ पुलिस ने बताया कि इस प्रकार के जनजागरूकता अभियानों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना, साइबर अपराधों एवं सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा महिला सुरक्षा और सामाजिक सहभागिता को सशक्त बनाना है। आने वाले समय में भी जिले के विभिन्न गांवों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।