ईरान और अमेरिका के बीच वार-पलटवार, तेहरान ने बहरीन-कुवैत को दहलाया - vedantsamachar.in

ईरान और अमेरिका के बीच वार-पलटवार, तेहरान ने बहरीन-कुवैत को दहलाया

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है. अमेरिका ने दावा किया है कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट की ओर चार हमलावर ड्रोन भेजे थे. इसके बाद अमेरिकी सेना ने उन सभी ड्रोन को मार गिराया. इसके बाद ईरान के दो तटीय रडार ठिकानों पर हमला किया. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि ये चारों ड्रोन होर्मुज स्ट्रेट की ओर बढ़ रहे थे और क्षेत्र में जहाजों की आवाजाही के लिए खतरा बन सकते थे.

अमेरिका के मुताबिक, ड्रोन से समुद्री यातायात को तत्काल खतरा था, इसलिए उन्हें रास्ते में ही नष्ट कर दिया गया. ड्रोन गिराने के बाद अमेरिकी सेना ने ईरान के गोरुक और केश्म द्वीप पर मौजूद तटीय निगरानी रडार सेंटर्स को निशाना बनाया. ईरान ने अमेरिकी कार्रवाई से नाराज होकर कुवैत और बहरीन पर हमले शुरू कर दिए हैं. कुवैत और बहरीन पर एक दर्जन से अधिक मिसाइलों से हमला हुआ है. कुवैत और बहरीन की आर्मी ने अपने लोगों से बाहर नहीं निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी है.

CENTCOM ने बयान जारी किया

CENTCOM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि अमेरिकी बलों ने चार ईरानी वन-वे अटैक ड्रोन को मार गिराया, क्योंकि वे क्षेत्रीय समुद्री यातायात के लिए खतरा थे. इसके बाद आगे के हमलों को रोकने के लिए रडार ठिकानों पर कार्रवाई की गई. अमेरिकी सेना ने यह भी कहा कि वह ईरान की किसी भी आक्रामक कार्रवाई का जवाब देने के लिए तैयार है और उसके सैनिक क्षेत्र में पूरी तरह सतर्क हैं.

ईरान ने भी फायरिंग की बात कही

वहीं, ईरानी मीडिया ने भी होर्मुज स्ट्रेट के आसपास सैन्य गतिविधियों की जानकारी दी है. ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी मेहर के मुताबिक, शनिवार को ईरानी बलों ने इस जलमार्ग के पास समुद्र में कई चेतावनी फायर किए. रिपोर्ट में कहा गया कि यह कार्रवाई इलाके में अमेरिकी नौसेना के जहाजों की गतिविधियों और उनकी नई तैनाती के जवाब में की गई.

ताजा घटना दिखाती है कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अभी खत्म नहीं हुआ है. दोनों देशों के बीच बातचीत और कूटनीतिक कोशिशें जारी हैं, लेकिन खाड़ी क्षेत्र में हालात अब भी संवेदनशील बने हुए हैं और किसी भी नई घटना से तनाव और बढ़ सकता है.