जांजगीर-चांपा में रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई: अवैध उत्खनन और परिवहन में 11 वाहन जब्त - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई: अवैध उत्खनन और परिवहन में 11 वाहन जब्त

जांजगीर-चांपा, 05 जून 2026 (वेदांत समाचार)। जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने केवा (नवापारा) और हाथनेवरा क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर यह कार्रवाई की।

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच के दौरान अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए गए 11 वाहनों को जब्त किया गया। इनमें 5 हाईवा और 6 ट्रैक्टर शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए 9 वाहनों को पुलिस लाइन खोखरा तथा 2 ट्रैक्टरों को नवागढ़ थाना परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से रखा गया है।

संयुक्त टीम ने नवापारा क्षेत्र स्थित रेत खदान का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए खदान तक पहुंचने वाले मार्ग को जेसीबी मशीन की सहायता से काटकर बाधित कर दिया गया, ताकि अवैध परिवहन और उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

खनिज अधिकारी ने बताया कि जब्त वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संबंधित वाहन मालिकों और अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों पर कानूनी प्रावधानों के अनुसार दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है। वहीं आम नागरिकों ने अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन की पहल का स्वागत किया है।