रायपुर से गोंदिया तक मिलेगी सीधी रेल सेवा, 8 जून से दो मेमू ट्रेनों का होगा विलय - vedantsamachar.in

रायपुर से गोंदिया तक मिलेगी सीधी रेल सेवा, 8 जून से दो मेमू ट्रेनों का होगा विलय

रायपुर, 05 जून (वेदांत समाचार)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन ने रायपुर-डोंगरगढ़ और डोंगरगढ़-गोंदिया मेमू पैसेंजर ट्रेनों को आपस में मर्ज कर रायपुर से गोंदिया तक सीधी मेमू पैसेंजर सेवा शुरू करने का फैसला किया है। यह नई व्यवस्था 8 जून 2026 से लागू होगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार वर्तमान में संचालित गाड़ी संख्या 68721 रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर और गाड़ी संख्या 68723 डोंगरगढ़-गोंदिया मेमू पैसेंजर को एकीकृत कर गाड़ी संख्या 68723 रायपुर-गोंदिया मेमू पैसेंजर के रूप में चलाया जाएगा। इस निर्णय से यात्रियों को अब डोंगरगढ़ स्टेशन पर ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और रायपुर से गोंदिया तक सीधी यात्रा का लाभ मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस बदलाव से बड़ी संख्या में दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को राहत मिलेगी। विशेष रूप से दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ तथा मार्ग के अन्य स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा और समय की बचत होगी।

नई समय-सारिणी के अनुसार गाड़ी संख्या 68723 रायपुर-गोंदिया मेमू पैसेंजर रायपुर रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन शाम 7 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन सरस्वती नगर, सरोना, कुम्हारी, देवबलोदा चरोदा, भिलाई, भिलाई पावर हाउस, भिलाई नगर, दुर्ग, रसमड़ा, मुड़ीपार, परमालकसा, राजनांदगांव, बाकल, मुसरा, जटकन्हार और डोंगरगढ़ सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करते हुए महाराष्ट्र के कई स्टेशनों से गुजरकर रात 11:15 बजे गोंदिया पहुंचेगी।

रेलवे के इस निर्णय को क्षेत्रीय यात्रियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। रायपुर और गोंदिया के बीच प्रत्यक्ष रेल संपर्क मजबूत होने से दोनों राज्यों के बीच आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही यात्रियों को यात्रा के दौरान अधिक सुविधा, बेहतर कनेक्टिविटी और निर्बाध रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से नई व्यवस्था की जानकारी लेकर अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की है। रेलवे का कहना है कि भविष्य में भी यात्रियों की मांग और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रेल सेवाओं में आवश्यक सुधार किए जाते रहेंगे।