सूरजपुर। CG NEWS : जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। अंबिकापुर से सूरजपुर की ओर जा रही नीलम बस में पैसेंजरों की जगह बड़ी मात्रा में गांजा भरकर सप्लाई की जा रही थी। सिलफिली बस स्टैंड के पास स्थानीय लोगों की सतर्कता से इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। जानकारी के अनुसार, बस में महिला, पुरुष और बच्चों सहित करीब 20 यात्री सवार थे। लेकिन जांच के दौरान पाया गया कि बस के भीतर झाड़ू की आड़ में टोकरी कपड़ों में गट्ठर बनाकर भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था।
जैसे ही लोगों को शक हुआ, उन्होंने बस को सड़क के बीचों-बीच रोक दिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।बताया जा रहा है कि बस में मौजूद गांजा सप्लाई से जुड़े कुछ महिला और पुरुष मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में यह एक संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा बताया जा रहा है, जिसमें बस को ढाल बनाकर नशे की खेप एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाई जा रही थी। गांजे की कीमत 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है।फिलहाल पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और बरामद गांजे की मात्रा व नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।

