बिलासपुर, 03 जून (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश देकर तीन शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 60 पाव देशी प्लेन शराब, 86 लीटर महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 22 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना चकरभाठा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। कई बार कार्रवाई के प्रयासों के बावजूद शराब तस्कर पुलिस की पकड़ से बच निकलते थे। इसके बाद पुलिस ने गुप्त रूप से मुखबिर तंत्र सक्रिय कर जानकारी जुटानी शुरू की। मुखबिर से सटीक सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर तीन अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।
पहली कार्रवाई ग्राम नागराडीह में की गई, जहां आरोपी आर्यन रात्रे (22 वर्ष) के कब्जे से 46 लीटर महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल क्रमांक CG-10-CE-5871 बरामद की गई। वहीं अचानकपुर में पुलिस ने लच्छी संवरा (65 वर्ष) के पास से 60 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की। तीसरी कार्रवाई चकरभाठा के 70 खोली क्षेत्र में की गई, जहां राधा वर्मा (50 वर्ष) के कब्जे से 40 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने शराब को बिक्री के उद्देश्य से रखने की बात स्वीकार की। इसके बाद उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
चकरभाठा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब, नशे के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को अवैध शराब बिक्री या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल थाना चकरभाठा या डायल-112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बीच की गई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।

