जांजगीर-चांपा, 03 मई (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना नवागढ़ क्षेत्र में पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 35,510 रुपये नकद, 10 मोटरसाइकिल, 6 मोबाइल फोन और ताश की पत्तियां जब्त की गई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देश पर जिलेभर में जुआ और सट्टा गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत 2 जून 2026 की देर शाम थाना नवागढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम गोधना में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 8 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में पुनीराम बजारे निवासी केरा, कमल चंद्रा निवासी चिकनीडीह थाना अड़गांव जिला सारंगढ़, मानिक राम यादव निवासी खरौद थाना शिवरीनारायण, कमलेश्वर साहू निवासी बिर्रा, जितेंद्र कुर्रे निवासी कोडाभाठ थाना पामगढ़, रामलाल रत्नाकर निवासी खपरीडीह थाना नवागढ़, गोरेलाल साहू निवासी ससहा थाना पामगढ़ तथा शिवकुमार कश्यप निवासी कोसला थाना पामगढ़ शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से जुए में उपयोग की जा रही ताश की पत्तियां, 35,510 रुपये नगद, 10 मोटरसाइकिल और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।

