नाबालिग से दुष्कर्म मामले में सहयोगी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार - vedantsamachar.in

नाबालिग से दुष्कर्म मामले में सहयोगी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार

0 नवागढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज है मामला

जांजगीर-चांपा, 03 जून 2026 (वेदांत समाचार)। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ अनाचार के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सहयोगी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी लगातार तलाश की जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी ने पीड़िता के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ जबरन अनाचार किया था। मामले में दर्ज शिकायत के अनुसार, 19 मई 2026 की रात मुख्य आरोपी अपने मित्र आनंद कुमार चौहान के साथ पीड़िता के घर पहुंचा था। दोनों ने पीड़िता को घर से बाहर बुलाने का प्रयास किया। जब पीड़िता ने बाहर आने से मना किया तो मुख्य आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और वहां से फरार हो गया।

पीड़िता की शिकायत पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 169/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2), 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

नाबालिग बालिका से जुड़े गंभीर अपराध को देखते हुए नवागढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सहयोगी आरोपी आनंद कुमार चौहान (19 वर्ष), निवासी ग्राम पथर्रा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मुख्य आरोपी की सहायता करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक मणिकांत पांडे, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन तथा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम ने संवेदनशील मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की है।