अमेरिकी लोगों को कस्टमर केयर बनकर लगाते थे चूना… करोड़ों की साइबर ठगी करने वाला फर्जी कॉल सेंटर बेनकाब - vedantsamachar.in

अमेरिकी लोगों को कस्टमर केयर बनकर लगाते थे चूना… करोड़ों की साइबर ठगी करने वाला फर्जी कॉल सेंटर बेनकाब

पंचकूला,03 जून। हरियाणा के पंचकूला में चल रहे एक फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने बड़े साइबर ठगी रैकेट का खुलासा किया है। यह गिरोह अमेरिका के लोगों को बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी का कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कॉल करता था और भरोसे में लेकर उनके कंप्यूटर का कंट्रोल हासिल कर लाखों रुपये की ठगी करता था।

सेक्टर-2 में चल रहे इस कॉल सेंटर पर साइबर क्राइम टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर 21 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चार मास्टरमाइंड बताए जा रहे हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी स्पेशल सॉफ्टवेयर के जरिए विदेशी ग्राहकों की कॉल लेते थे और खुद को कस्टमर सपोर्ट एग्जीक्यूटिव बताकर लोगों से निजी जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद पीड़ितों को रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड करवाया जाता था, जिससे ठग उनके सिस्टम तक पहुंच बना लेते थे। फिर अलग-अलग बहाने बनाकर लोगों से गिफ्ट कार्ड खरीदवाए जाते थे और बाद में उन्हें कैश में बदलकर रकम वसूली जाती थी। पुलिस ने मौके से 19 कंप्यूटर सिस्टम, तीन लैपटॉप, 16 हेडसेट, पीओएस मशीनें, वॉकी-टॉकी, वाई-फाई राउटर और करेंसी काउंटिंग मशीन समेत भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है।

इसके अलावा 11.30 लाख रुपये नकद, क्रिप्टो वॉलेट, नकली विदेशी मुद्रा और सोने-हीरे के आभूषण भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक ठगी का पैसा हवाला नेटवर्क और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए अलग-अलग राज्यों और विदेशों तक पहुंचाया जाता था। मुख्य आरोपियों में कोलकाता का राजा सिद्दीकी, पंजाब का अक्षय उर्फ टिक्कू, दिल्ली का नवदीप बेदी उर्फ राज बेदी और हरियाणा का अंकुर कपूर शामिल हैं। चारों को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है, जबकि कॉल सेंटर में काम कर रहे अन्य 17 कर्मचारियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस का मानना है कि यह नेटवर्क बेहद बड़ा है और आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।