कोरबा, 18 जुलाई (वेदांत समाचार)। छुरीकला के चर्चित सराफा लूट प्रयास मामले का त्वरित खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने वाली कोरबा पुलिस की टीम को बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रामगोपाल गर्ग ने सम्मानित किया है। उत्कृष्ट विवेचना, तकनीकी जांच और प्रभावी कार्रवाई के लिए 26 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कुल 19,400 रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
कुछ दिन पहले कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स में तीन बदमाश हथियार के बल पर घुस आए थे। बदमाशों ने दुकान संचालक की आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर लूट की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने स्वयं जांच की कमान संभाली और अलग-अलग टीमों का गठन किया। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
इस सफलता पर आईजी रामगोपाल गर्ग ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि संगठित और पेशेवर ढंग से की गई पुलिस कार्रवाई के कारण गंभीर अपराध का शीघ्र खुलासा संभव हो सका। उन्होंने निरीक्षकों, उप निरीक्षकों, प्रधान आरक्षकों और आरक्षकों सहित कुल 26 पुलिसकर्मियों को उनकी भूमिका के अनुसार नगद पुरस्कार प्रदान कर उत्साहवर्धन किया।
आईजी रामगोपाल गर्ग का कहना है कि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और बेहतर पुलिसिंग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय-समय पर सम्मानित किया जाता है। छुरी लूट प्रयास मामले में मिली यह सफलता पुलिस की टीमवर्क और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण मानी जा रही है।



