जांजगीर-चांपा में ड्रिंक एंड ड्राइव पर बड़ी कार्रवाई: दो दिनों में 17 शराबी वाहन चालक पकड़े गए, वाहन जब्त - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में ड्रिंक एंड ड्राइव पर बड़ी कार्रवाई: दो दिनों में 17 शराबी वाहन चालक पकड़े गए, वाहन जब्त

जांजगीर-चांपा, 31 मई 2026 (वेदांत समाचार)। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई है। पिछले दो दिनों में यातायात पुलिस ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 17 वाहन चालकों को पकड़ा है। सभी आरोपियों के वाहनों को जब्त कर नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

यातायात पुलिस की टीम ने शिवरीनारायण, अकलतरा, बम्हनीडीह, बिर्रा, चांपा, हाथनेवरा चौक और जांजगीर के पुटपुरा चौक सहित जिले के कई प्रमुख स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान 17 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।

पुलिस ने सभी वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहनों को जब्त कर लिया। संबंधित मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

यातायात विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में आगे भी ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।