सक्ती पुलिस को बड़ी सफलता: दो चोरी की वारदातों का खुलासा, शातिर चोर भागीरथी साहू गिरफ्तार - vedantsamachar.in

सक्ती पुलिस को बड़ी सफलता: दो चोरी की वारदातों का खुलासा, शातिर चोर भागीरथी साहू गिरफ्तार

सक्ती। जिले की सक्ती पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपी ने पूछताछ में सक्ती थाना क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरियों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 343/2025 और 88/2026 के तहत चोरी के मामले दर्ज थे। दोनों मामलों में अज्ञात आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती की टीम आरोपियों की खोजबीन में जुटी हुई थी।31 मई 2026 को थाना स्टाफ द्वारा क्षेत्र में अपराधियों की तलाश और माइनर एक्ट के तहत कार्रवाई के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि करोरपारा सक्ती के पास एक युवक चोरी का सामान बेचने की फिराक में मोटरसाइकिल सहित खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही युवक को हिरासत में ले लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भागीरथी साहू (27 वर्ष) निवासी डूमरपाली, थाना भूपदेवपुर, जिला रायगढ़ बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने सक्ती क्षेत्र में दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी ने बताया कि सितंबर 2025 में उसने ग्राम हरेठी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की खिड़की से अंदर प्रवेश कर टीवी, टेबल फैन, एग्जॉस्ट फैन, ट्यूबलाइट और खाद्य सामग्री सहित लगभग 20 हजार रुपये मूल्य के सामान की चोरी की थी। इसके अलावा जनवरी 2026 में बुधवारी बाजार क्षेत्र स्थित एक सूने मकान का ताला तोड़कर चांदी के सिक्के, कांसे के बर्तन और नकदी सहित करीब 15 हजार रुपये की चोरी की थी।पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि कुछ दिन पहले उसने ओडिशा के बेलपहाड़ क्षेत्र से बिना नंबर प्लेट की लाल रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी की थी। वह चोरी के सामान को बेचने के उद्देश्य से सक्ती पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन कांसे के गिलास, दो कांसे के कटोरे तथा एक लाल रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी बरामद सामान को विधिवत जब्त कर लिया गया है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे जुआ खेलने की लत है और पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए वह चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है।थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक मिथुन सुल्तान, हेमंत राठौर तथा आरक्षक दीपक बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।