मोहला, 31 मई 2026 (वेदांत समाचार)। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रही हैं। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के विकासखंड अंबागढ़ चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत हांडीटोला की निवासी दिव्यांग हितग्राही खोमीन कल्लो इसका प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई हैं। सुशासन तिहार 2026 के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा उन्हें ट्राइसाइकिल प्रदान की गई, जिससे उनके जीवन में आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास का नया संचार हुआ है।
खोमीन कल्लो 40 प्रतिशत दिव्यांगता (बौनापन) से प्रभावित हैं। शारीरिक चुनौतियों के कारण उन्हें रोजमर्रा के कार्यों के साथ-साथ एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए भी उन्हें अन्य लोगों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे उनकी दैनिक दिनचर्या प्रभावित होती थी। कई बार सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल होना भी उनके लिए कठिन हो जाता था।
सुशासन तिहार 2026 के दौरान ग्राम हांडीटोला में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में उनकी समस्या को गंभीरता से समझते हुए समाज कल्याण विभाग ने उन्हें ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई। इस सहायता के बाद अब उनके लिए आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है और वे अपने दैनिक कार्य अधिक सुविधा, स्वतंत्रता और आत्मविश्वास के साथ कर पा रही हैं।
खोमीन कल्लो ने बताया कि ट्राइसाइकिल मिलने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। अब उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए किसी अन्य व्यक्ति की सहायता की आवश्यकता नहीं पड़ती और वे आसपास के क्षेत्रों में आसानी से आ-जा सकती हैं। इस सुविधा ने न केवल उनकी गतिशीलता बढ़ाई है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर जीवन जीने की नई ताकत भी दी है।
उन्होंने शासन, जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी जरूरत को समझकर समय पर सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे उनके जीवन की अनेक कठिनाइयां कम हुई हैं। यह पहल दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

