जगदलपुर, 31 मई 2026 (वेदांत समाचार)। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र में अवैध नशीली कैप्सूल की बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 96 हजार रुपये मूल्य की प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश पोया (21 वर्ष) निवासी महारानी वार्ड, जगदलपुर तथा राड्रिक सोमा (42 वर्ष) निवासी मदर टेरेसा वार्ड, जगदलपुर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने के लिए प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बेचने की तैयारी में थे।
बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में जिले में नशे के सौदागरों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आज 31 मई को बोधघाट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मेटगुड़ा क्षेत्र की डोंगरी में दो व्यक्ति कैरी बैग में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल रखकर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल मेटगुड़ा डोंगरी क्षेत्र में पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके पर संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर पूछताछ की और उनके कब्जे में मौजूद कैरी बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से Pyeevon Spas Plus Tramadol HCL Capsules के कुल 30 पत्ते, यानी 240 नग प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद किए गए। बरामद कैप्सूल की कुल अनुमानित कीमत 96 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस द्वारा पूछे जाने पर आरोपी प्रतिबंधित नशीली दवाओं के परिवहन, भंडारण अथवा बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने नशीले पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
बस्तर पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की लत में धकेलने वाले तस्करों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस लगातार मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक ललित नेगी, लोकेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, इंदु शर्मा सहित बोधघाट थाना स्टाफ के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

