रायपुर में चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, टिकरापारा पुलिस की त्वरित कार्रवाई... - vedantsamachar.in

रायपुर में चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, टिकरापारा पुलिस की त्वरित कार्रवाई…

रायपुर, 31 मई (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में अवैध हथियार लेकर आम लोगों में दहशत फैलाने वाले दो शातिर आरोपियों को टिकरापारा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से धारदार लोहे के चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरफान रजक उर्फ आकिब (23 वर्ष) निवासी संजय नगर तथा उमेश जोशी (23 वर्ष) निवासी संतोषी नगर, टिकरापारा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी अलग-अलग स्थानों पर चाकू लहराकर राहगीरों को भयभीत कर रहे थे और क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहे थे।

जानकारी के मुताबिक 31 मई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दुर्गापारा संतोषी नगर और सरजू बांधा तालाब के पास कुछ युवक धारदार चाकू लेकर लोगों को धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस सक्रिय हो गई और तत्काल विशेष टीमों का गठन कर मौके पर रवाना किया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने बचने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों को धर-दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से एक-एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 467/2026 एवं 468/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

रायपुर पुलिस ने बताया कि शहर में बढ़ती चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार सघन पेट्रोलिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। अवैध हथियार लेकर घूमने और आम नागरिकों को आतंकित करने वाले तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।


यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के निर्देशन में की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि रायपुर में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।