रायगढ़ पुलिस और आईएमए का मेगा हेल्थ कैंप: 400 पुलिसकर्मियों एवं परिजनों ने उठाया लाभ, कैंसर जांच के लिए मोबाइल एंबुलेंस भी रही उपलब्ध - vedantsamachar.in

रायगढ़ पुलिस और आईएमए का मेगा हेल्थ कैंप: 400 पुलिसकर्मियों एवं परिजनों ने उठाया लाभ, कैंसर जांच के लिए मोबाइल एंबुलेंस भी रही उपलब्ध

रायगढ़, 31 मई 2026 (वेदांत समाचार)। पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए रायगढ़ पुलिस एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में उर्दना स्थित पुलिस लाइन में विशाल मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में लगभग 400 पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ परामर्श, विभिन्न जांचों और दवाइयों का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रकाश मिश्रा, आईएमए रायगढ़ के अध्यक्ष डॉ. प्रभात पटेल, सचिव डॉ. राजकुमार गुप्ता सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति में हुआ।

अपने संबोधन में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मी लगातार व्यस्त ड्यूटी और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं, जिसके कारण वे अक्सर अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं। ऐसे शिविरों का उद्देश्य न केवल स्वास्थ्य परीक्षण कराना है, बल्कि पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि बीमारियों की शुरुआती पहचान होने से समय पर उपचार संभव हो पाता है और इससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को रोका जा सकता है।

कार्यक्रम में मौजूद डॉ. प्रकाश मिश्रा ने कहा कि डॉक्टर और पुलिस दोनों ही समाज सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह देते हुए घोषणा की कि शिविर में परामर्श लेने वाले पुलिसकर्मी यदि अगले 10 दिनों के भीतर फॉलोअप के लिए संबंधित चिकित्सकों से संपर्क करते हैं तो उनसे किसी प्रकार की परामर्श फीस नहीं ली जाएगी।

आईएमए रायगढ़ के अध्यक्ष डॉ. प्रभात पटेल ने बताया कि हेल्थ कैंप में मेडिसिन, सर्जरी, ईएनटी, नेत्र रोग, त्वचा रोग, अस्थि रोग, किडनी रोग, दंत चिकित्सा, बाल रोग, मनोरोग तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ विभागों के चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सर्वाइकल एवं ब्रेस्ट कैंसर की जांच के लिए विशेष मोबाइल कैंसर केयर एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई गई, जिसमें 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं की नि:शुल्क जांच की गई।

शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ ब्लड टेस्ट, एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईसीजी और ईको जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी नि:शुल्क की गईं। आवश्यकता अनुसार मरीजों को दवाइयां वितरित की गईं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे सुशांतो बनर्जी ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है। पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें।

सीनियर कंसल्टेंट मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र कुमार नायक ने बताया कि शिविर के दौरान कई ऐसे पुलिसकर्मी मिले जिनकी आयु 30 से 40 वर्ष के बीच थी और उन्हें यह जानकारी तक नहीं थी कि वे उच्च रक्तचाप एवं ब्लड शुगर जैसी समस्याओं से पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि दवाइयों के साथ-साथ संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह भी दी गई।

इस मेगा हेल्थ कैंप में नेत्र रोग, अस्थि रोग, सर्जरी, ईएनटी, त्वचा रोग, किडनी रोग, बाल रोग, मनोरोग, दंत चिकित्सा, फिजियोथेरेपी, पोषण एवं स्त्री रोग विशेषज्ञों सहित अनेक चिकित्सकों ने सेवाएं प्रदान कीं। स्वास्थ्य शिविर को पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों ने काफी सराहा।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि स्वस्थ जवान ही अपनी ड्यूटी और जिम्मेदारियों के प्रति पूर्ण न्याय कर सकता है। जिला पुलिस अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन जारी रहेगा।