रोजगार दिवस का आयोजन, 4821 कार्यों में 32 हजार से अधिक श्रमिक नियोजित…

बलौदाबाजार, 07 अप्रैल (वेदांत समाचर)। जिले में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-G RAM G) के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ श्रमिकों को नए कानून और योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। वर्तमान में जिले में कुल 4821 कार्य संचालित हैं, जिनमें 32,072 श्रमिक नियोजित किए गए हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, सभी विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में पंजीकृत श्रमिकों को कार्य उपलब्ध कराते हुए कार्यस्थलों पर ही रोजगार दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान श्रमिकों को विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन अधिनियम 2025 के प्रावधानों, लाभों और इसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

नया कानून ग्रामीण रोजगार और आजीविका को सशक्त बनाने के उद्देश्य से लागू किया गया है, जो महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का स्थान लेगा। इस योजना के तहत पहले के 100 दिनों के बजाय अब 125 दिनों का गारंटीड रोजगार प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

योजना में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए डिजिटलीकरण और आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इसके तहत जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण, वाटरशेड विकास, सिंचाई, वनीकरण और जल स्रोतों के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे ग्रामीण आधारभूत संरचना मजबूत होगी और आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे।

इसके अलावा योजना में मजदूरी रोजगार की गारंटी के साथ 7 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का प्रावधान है। तय समय पर काम उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान किया गया है।

जिले के सभी जनपद पंचायतों की ग्राम पंचायतों में अब इस अधिनियम के तहत कार्यों की योजना और क्रियान्वयन जीआईएस आधारित युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और प्रभावशीलता बढ़ेगी।

रोजगार दिवस के दौरान कार्यरत श्रमिकों को क्यूआर कोड की जानकारी भी दी गई, जिसके माध्यम से वे पिछले तीन वर्षों में महात्मा गांधी नरेगा के तहत स्वीकृत कार्यों और आय-व्यय से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।