प्रधानमंत्री मोदी जून में करेंगे फ्रांस और स्लोवाकिया का दौरा - vedantsamachar.in

प्रधानमंत्री मोदी जून में करेंगे फ्रांस और स्लोवाकिया का दौरा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने फ्रांस और स्लोवाकिया का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री की यह यात्रा यूरोप में भारत के साथ संबंधों में आई तेजी को दिखाता है। अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री एवियन-लेस-बैंस में 15 से 17 जून तक आयोजित होने वाले G-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आने की भी संभावना है। मोदी फ्रांस में नीस और पेरिस का दौरा करने के साथ स्लोवाकिया की यात्रा भी करेंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रांस के खूबसूरत शहर में होने वाले शिखर सम्मेलन में दुनिया के औद्योगिक लोकतांत्रिक देशों के नेता शामिल होंगे। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी को एक प्रमुख सहयोगी के रूप में आमंत्रित किया है। प्रधानमंत्री मोदी 2019 से लगातार इस शिखर सम्मेलन का हिस्सा बन रहे हैं। सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) शासन, महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखलाएं, व्यापार तनाव, जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्रीय संघर्षों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति ट्रंप भी शामिल होंगे, लेकिन अभी मोदी और ट्रंप के बीच द्विपक्षीय बातचीत की कोई खबर सामने नहीं आई है। बता दें कि फरवरी 2025 में मोदी और ट्रंप के बीच व्हाइट हाउस में अंतिम मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों नेता कई बार टेलीफोन पर बातचीत कर चुके हैं। अगर मोदी और ट्रंप की द्विपक्षीय मुलाकात होती है, तो यह भारत-पाकिस्तान तनाव और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पहली मुलाकात होगी।

मोदी फ्रांस के बाद स्लोवाकिया की यात्रा पर जाएंगे। यहां उनकी राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से द्विपक्षीय मुलाकात होगी। राष्ट्रपति पेलेग्रिनी फरवरी में AI इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में शामिल होने भारत आए थे। इस दौरान उन्होंने मोदी को स्लोवाकिया आने का आमंत्रण दिया था। बता दें, 1993 में दोनों देशों के बीच संबंध स्थापित होने के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी। दोनों पक्षों के बीच व्यापार 1.3 अरब यूरो (1.44 लाख करोड़ रुपये) से अधिक हुआ है।