जांजगीर-चांपा पुलिस को मिली बड़ी सफलता : 14 साल से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा पुलिस को मिली बड़ी सफलता : 14 साल से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 27 मई (वेदांत समाचार)। जिले में फरार आरोपियों और स्थाई वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना अजाक पुलिस ने 14 वर्षों से फरार चल रहे स्थाई वारंटी सोनू उर्फ छहुरा यादव (34 वर्ष), निवासी ग्राम एवं थाना हसौद, जिला शक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी मारपीट के एक मामले में न्यायालय से जारी स्थाई वारंट के बाद लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी दौरान थाना अजाक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को आज विधिवत न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि अपराध कर कानून से बचना संभव नहीं है और अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक रंजीत सिंह कंवर, एएसआई रामेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक रामकृष्ण खैरवार, आरक्षक मंगल सिंह और ओम प्रकाश कर्ष का सराहनीय योगदान रहा।