ESIC मेडिकल कॉलेजों में बीमित श्रमिकों के बच्चों के लिए 700 सीटें आरक्षित, 31 मई तक करें आवेदन - vedantsamachar.in

ESIC मेडिकल कॉलेजों में बीमित श्रमिकों के बच्चों के लिए 700 सीटें आरक्षित, 31 मई तक करें आवेदन

रायपुर, 27 मई 2026 (वेदांत समाचार)। प्रदेश के संगठित क्षेत्र के बीमित श्रमिकों के बच्चों के लिए मेडिकल शिक्षा हासिल करने का सुनहरा अवसर सामने आया है। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) द्वारा संचालित 20 मेडिकल कॉलेजों में नीट यूजी के माध्यम से प्रवेश हेतु बीमित श्रमिकों के बच्चों के लिए 700 सीटें आरक्षित की गई हैं।

इस योजना का उद्देश्य संगठित क्षेत्र में कार्यरत बीमित श्रमिकों के बच्चों को मेडिकल क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। नीट यूजी प्रवेश परीक्षा के माध्यम से इन सीटों पर दाखिला दिया जाएगा।

ईएसआईसी के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी कर्मचारी राज्य बीमा निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने निकटवर्ती ईएसआईसी शाखा कार्यालय या राज्य स्तरीय क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1800-11-2526 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

श्रमिकों से अपील की गई है कि वे अपने योग्य एवं इच्छुक बच्चों का अधिक से अधिक आवेदन करवाकर भारत सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाएं।