कोरबा ब्रेकिंग : सीतामणी चौक पर युवक के साथ 10-15 लोगों ने की मारपीट गंभीर घायल... - vedantsamachar.in

कोरबा ब्रेकिंग : सीतामणी चौक पर युवक के साथ 10-15 लोगों ने की मारपीट गंभीर घायल…

कोरबा , 27 मई (वेदांत समाचार)। कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र में सीतामणी मुख्य मार्ग स्थित चौक पर एक युवक की सरेआम पिटाई की गई। 10 से 15 युवकों ने लात-घूंसों और पंचिंग से उसे जमकर पीटा। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने बचाने की कोशिश नहीं की। घायल युवक की पहचान सीतामणी निवासी रोशन शर्मा के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत है। मारपीट में उसे गंभीर चोटें आई हैं। शुरुआती इलाज के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि रोशन का कुछ युवकों से पहले भी नशे की हालत में विवाद हुआ था।

पुरानी रंजिश के चलते बुधवार को आरोपियों ने उसे सीतामणी चौक पर घेर लिया। करीब 15 मिनट तक बीच सड़क पर यह मारपीट चलती रही। मारपीट करने वाले युवक सीतामढ़ी क्षेत्र के ही बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी आदतन बदमाश हैं और पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में युवक को घेरकर पीटते हुए और आसपास खड़े लोगों को वीडियो बनाते हुए देखा जा सकता है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रोशन को जिला अस्पताल भिजवाया। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सीतामणी क्षेत्र में सरेआम हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में चिंता है। उनका कहना है कि मुख्य मार्ग पर दिनदहाड़े ऐसी वारदातें कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं। क्षेत्र में नशेड़ी युवकों के कारण आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं हो रही हैं।