धमतरी, 27 मई (वेदांत समाचार)। जिले में शीतला मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक धमतरी ने थाना कुरुद और भखारा क्षेत्र में हुई मंदिर चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में चोरी के आरोपियों की जल्द पहचान और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के साथ धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
एसपी धमतरी ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, रात्रि गश्त को और अधिक सक्रिय बनाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और निगरानी बदमाशों की लगातार जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा गया।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जिन निगरानी बदमाशों के फिंगर प्रिंट पहले नहीं लिए गए हैं, उनका नियमानुसार सत्यापन कर फिंगर प्रिंट लिया जाए। पुलिस अधिकारियों को मंदिर समितियों, पुजारियों, स्थानीय नागरिकों और ग्राम कोटवारों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए ताकि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके।
एसपी ने संवेदनशील मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच कराने तथा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
साइबर टीम और एफएसएल टीम को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध मोबाइल नंबरों और गतिविधियों का विश्लेषण कर चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों तक जल्द पहुंचने के लिए विशेष रणनीति तैयार की जा रही है। इसके अलावा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर सीमावर्ती क्षेत्रों और संदिग्ध आवाजाही वाले स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को साफ तौर पर कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा कर आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

