करोड़ों की चोरी मामले का खुलासा : अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना नासिर हुसैन गिरफ्तार – vedantsamachar.in

करोड़ों की चोरी मामले का खुलासा : अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना नासिर हुसैन गिरफ्तार

दुर्ग, 26 मई (वेदांत समाचार) : दुर्ग जिले में हुई करोड़ों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना और मुख्य आरोपी नासिर हुसैन को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम को दिल्ली में 15 दिनों तक डेरा डालना पड़ा। पुलिस ने सोमवार को इस पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस ने नासिर हुसैन को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। क्राइम ब्रांच के डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस को आरोपी को पकड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। नासिर हुसैन ने पूछताछ में बताया कि वह वर्ष 2019 से मध्यप्रदेश, चंडीगढ़ और छत्तीसगढ़ में करोड़ों की चोरियां कर चुका है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 1,22,000 रुपये नकद और 7 लाख रुपये का डायमंड ब्रेसलेट बरामद किया है। इसके अतिरिक्त अमेरिकन डायमंड, सोना-चांदी के जेवर और 3 लाख रुपये के नए कपड़े भी मिले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 60 लाख रुपये का सोना भी बरामद किया है।

पुलिस की अनोखी रणनीति : आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई भेष बदले। पुलिस के जवान कभी बकरा बेचने वाले बने तो कभी जनगणना अधिकारी। घनी आबादी के बीच आरोपी का पता लगाने के लिए पुलिसकर्मियों ने स्थानीय बकरा विक्रेताओं के साथ जासूसी की। इसके बाद जनगणना अधिकारी बनकर घर-घर जाकर नासिर की पतासाजी की गई। यह पूरी कार्रवाई फिल्मी अंदाज में की गई।