मुंबई, 26 मई । भारतीय टेलीविज़न के चर्चित और लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘ऑफिस ऑफिस’ का दूसरा सीज़न जल्द ही दर्शकों के बीच लौटने जा रहा है। इस बार शो में अभिनेत्री श्रुति शर्मा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। शो की वापसी को लेकर दर्शकों में उत्साह देखा जा रहा है, वहीं श्रुति शर्मा ने इसे अपने करियर का बेहद खास पड़ाव बताया है।
श्रुति शर्मा ने कहा कि ‘ऑफिस ऑफिस’ उनके बचपन की यादों से जुड़ा शो रहा है। उन्होंने बताया कि स्कूल से लौटने के बाद वह अपनी मां के साथ खाना खाते हुए इस शो को देखा करती थीं। ऐसे में अब उसी शो का हिस्सा बनना और मुख्य किरदार निभाना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।
उन्होंने कहा, “जब मैंने इस नए सीज़न की शूटिंग शुरू की तो पूरा अनुभव बेहद नॉस्टैल्जिक लगा। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस सीज़न को भी उतना ही प्यार देंगे, जितना पहले सीज़न को मिला था। जैसे पुराने किरदार मेरे बचपन का हिस्सा बन गए थे, वैसे ही उम्मीद है कि मैं भी किसी बच्चे की पसंदीदा कॉमेडी किरदार बन पाऊँ।”
श्रुति शर्मा इससे पहले ‘गठबंधन’, ‘नज़र 2’, ‘नमक इश्क का’ और ‘मिट्टी’ जैसे धारावाहिकों में अपने दमदार अभिनय से पहचान बना चुकी हैं। अब तक उन्हें गंभीर और इमोशनल किरदारों में देखा गया है, लेकिन ‘ऑफिस ऑफिस सीज़न 2’ में वह पहली बार पूरी तरह कॉमिक अंदाज़ में नजर आएंगी।
प्राइम टाइम स्लॉट और पुराने शो की नॉस्टैल्जिक यादों के साथ नया सीज़न दर्शकों के लिए खास होने वाला है। ‘ऑफिस ऑफिस सीज़न 2’ जल्द ही दूरदर्शन और वेव्स ओटीटी पर प्रसारित किया जाएगा।

