धमतरी,25 मई (वेदांत समाचार)। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों, शराब, जुआ एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध सघन एवं निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर लगातार प्रभावी प्रहार किया जा रहा है। विशेष रूप से बोरई, कुन्दई (जिला नबरंगपुर, ओडिशा) एवं विश्रामपुरी (जिला कोंडागांव) ट्राई-जंक्शन क्षेत्र में रणनीतिक रूप से चेक पोस्ट स्थापित कर चौकस निगरानी एवं सघन वाहन चेकिंग की जा रही है। पुलिस अधीक्षक धमतरी द्वारा स्वयं नाकों का निरीक्षण कर अधिकारी-कर्मचारियों को प्रत्येक संदिग्ध वाहन की सूक्ष्म जांच करने, तस्करी के नए तरीकों पर सतर्क रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखने के स्पष्ट एवं कड़े निर्देश दिए गए हैं।
इसी सतत मॉनिटरिंग एवं प्रभावी पुलिसिंग का परिणाम है कि धमतरी पुलिस लगातार गांजा तस्करों पर बड़ी कार्यवाही कर रही है। इसी क्रम में दिनांक 24.05.2026 को थाना सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेण्डर क्रमांक RJ-20-BD-3334 में अवैध रूप से गांजा भरकर देवभोग-मेचका मार्ग से सांकरा होते हुए राजस्थान ले जाने वाला है। सूचना पर थाना सिहावा पुलिस द्वारा फॉरेस्ट नाका सांकरा में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोंटू शर्मा पिता रामेश्वर शर्मा उम्र 40 वर्ष निवासी मुंशीराम कॉलोनी, मुखर्जी नगर, उत्तर पश्चिम दिल्ली होना बताया। विधिवत तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से स्काई ब्लू रंग के पिट्ठू बैग में रखे 02 पैकेट एवं एक प्लास्टिक पॉलिथीन से कुल 07 किलो 724 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। आरोपी गांजा परिवहन एवं बिक्री संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
गिरफ्तार आरोपी : मोंटू शर्मा पिता रामेश्वर शर्मा, उम्र 40 वर्ष, निवासी मुंशीराम कॉलोनी, मुखर्जी नगर, उत्तर पश्चिम दिल्ली।

