देश में क्लीन मोबिलिटी व्हीकल की मांग बढ़ रही है. वित्त वर्ष 2026 में हाइब्रिड, CNG और इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री ऑटोमोबाइल उद्योग की औसत बिक्री के मुकाबले दोगुनी से ज्यादा रफ्तार से बढ़ी है. इसके अलावा अब कुल वाहनों की बिक्री में इन गाड़ियों की हिस्सेदारी बढ़कर 30 प्रतिशत तक पहुंच गई है. यह आंकड़े दिखाते हैं कि अब लोग क्लीन मोबिलिटी की ओर बढ़ रहे हैं और ज्यादा माइलेज वाले वाहनों को अपना रहे हैं.
सरकारी पोर्टल VAHAN और सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के आंकड़ों के मुताबिक, 31 मार्च को खत्म हुए वित्त वर्ष 2026 में करीब 13.4 लाख कारें बिकी हैं, जो सीएनजी, हाइब्रिड या इलेक्ट्रिक थीं. यह बिक्री वित्त वर्ष 2025 के मुकाबले करीब 31 प्रतिशत ज्यादा है. वित्त वर्ष 2025 में करीब 10.2 लाख वाहनों की बिक्री हुई थी, जो सीएनजी, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक थीं. दूसरी ओर वित्त वर्ष 2026 में कुल वाहनों की बिक्री की ग्रोथ करीब 13 प्रतिशत थी. बीते साल कुल वाहनों की बिक्री करीब 46.7 लाख यूनिट रही.
तेल ने बढ़ाई ग्राहकों की चिंता
भारतीयों का क्लीन मोबिलिटी की ओर बढ़ता रुझान सरकार की उस मंशा को पूरा करता है, जिसमें भारत का लक्ष्य कच्चे तेल पर निर्भरता कम करना है. भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर कच्चा तेल आयात करता है. अब अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध ने लोगों को एक बार फिर से सोचने पर मजबूर कर दिया है. सप्लाई में आई रुकावट की वजह से सरकार को तेल की जरूरत पूरा करने के लिए कई कदम उठाने पड़ रहे हैं. इतना ही नहीं, देश के बड़े शहरों की खराब होती हवा ने भी क्लीन मोबिलिटी के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया है. हालांकि देश में लगातार विकसित हो रहे चार्जिंग और सीएनजी सप्लाई इन्फ्रास्ट्रक्चर ने भी इस मांग को बढ़ाने में योगदान दिया है.
CNG और इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री
आंकड़ों के मुताबिक, सीएनजी से चलने वाले वाहनों की बिक्री में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई और पिछले वित्त वर्ष में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 200,000 यूनिट के आंकड़े को पार कर गई. टाटा मोटर्स सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक कार बेचने वाली कंपनी है. इतना ही नहीं, टाटा मोटर्स अपनी कई कारों में सीएनजी का विकल्प भी देती है. हालांकि, सीएनजी कारें बेचने के मामले में मारुति सुजुकी सबसे आगे है. इसके पोर्टफोलियो की लगभग हर कार सीएनजी ऑप्शन के साथ आती है. इसके अलावा यह ग्रैंड विटारा और ब्रेजा जैसी गाड़ियों में हाइब्रिड का ऑप्शन भी देती है.
