कोरबा में केबल चोरी का खुलासा: भेल प्लांट से 200 मीटर पावर केबल चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार – vedantsamachar.in

कोरबा में केबल चोरी का खुलासा: भेल प्लांट से 200 मीटर पावर केबल चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार

कोरबा, 06 अप्रैल 2026। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत दर्री पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भेल कंपनी के दर्री स्थित प्लांट से लगभग 200 मीटर पावर केबल चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि संघर्षरत बालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

कोरबा जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर सक्रियता बढ़ाई गई है।

मामले की शुरुआत 05 अप्रैल 2026 को हुई, जब प्रार्थी कमलकांत ठाकुर ने थाना दर्री में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि भेल कंपनी के दर्री प्लांट में रखे लगभग 200 मीटर पावर केबल को अज्ञात चोरों ने पार कर दिया है। शिकायत के आधार पर थाना दर्री में अपराध क्रमांक 136/2026 धारा 331(4) और 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया केबल भी बरामद कर लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान योगेश सोनवानी (25 वर्ष), निवासी राजीव नगर, दर्री के रूप में हुई है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं इस मामले में शामिल एक विधि संघर्षरत बालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।