13 साल बाद चोर गिरफ्तार, पोल्ट्री फार्म में दिया था वारदात को अंजाम – vedantsamachar.in

13 साल बाद चोर गिरफ्तार, पोल्ट्री फार्म में दिया था वारदात को अंजाम

रायगढ़ 23 मई 2026 (वेदांत समचार)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2013 के पोल्ट्री फार्म चोरी मामले में लंबे समय से फरार आरोपी चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया निवासी बरभौना थाना छाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भेंगारी स्थित पोल्ट्री फार्म से पिकअप वाहन क्रमांक सीजी-13-एल-3356 के चालक एवं उसके 7-8 साथियों द्वारा 300 नग जीवित मुर्गे, 150 नग प्लास्टिक अंडा ट्रे एवं 9000 नग अंडे सहित लगभग ₹60,000 मूल्य की सामग्री चोरी कर ले जाई गई थी। मामले में पोल्ट्री फार्म संचालक की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 378/2013 धारा 457, 380, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।


विवेचना के दौरान आरोपी शैलेश कुमार महतो निवासी छपरा (बिहार), हाल मुकाम रक्सापाली थाना भूपदेवपुर को गिरफ्तार कर पिकअप वाहन एवं ₹2500 किराया रकम जब्त की गई थी। पूछताछ में चोरी में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी मिली थी, जिनमें चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया का नाम भी सामने आया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। वर्तमान में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया अपने घर बरभौना आया हुआ है। सूचना मिलते ही एएसआई नरेन्द्र सिदार, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।