Rozgar Mela: आज 19वें रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे PM मोदी, देशभर में 47 जगहों पर आयोजन – vedantsamachar.in

Rozgar Mela: आज 19वें रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे PM मोदी, देशभर में 47 जगहों पर आयोजन

नई दिल्ली 23 मई 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 19वें रोजगार मेले के तहत देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री युवाओं को संबोधित भी करेंगे। रोजगार मेला देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित हो रहा है और इसे केंद्र सरकार की मिशन मोड भर्ती प्रक्रिया का बड़ा हिस्सा माना जा रहा है।

सरकार की इस पहल के जरिए अब तक करीब 12 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। आज जिन युवाओं को नियुक्ति मिलेगी, उनका चयन SSC, रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB), IBPS और अन्य केंद्रीय भर्ती परीक्षाओं के माध्यम से किया गया है। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग समेत कई मंत्रालयों और सरकारी संगठनों में की जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी पहले भी रोजगार मेलों को युवाओं के लिए बड़े अवसर का माध्यम बता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। पीएम मोदी ने यह भी कहा था कि भारत में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल इंडिया और तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम के कारण रोजगार के नए अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।

सरकार के अनुसार भारत का स्टार्टअप सेक्टर अब लाखों युवाओं को रोजगार दे रहा है, वहीं डिजिटल और टेक्नोलॉजी सेक्टर में भी बड़े स्तर पर नौकरियों के अवसर बढ़े हैं। रोजगार मेला इसी दिशा में युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण अभियान माना जा रहा है।