कोरबा, 23 मई (वेदांत समाचार)। जिले के तहसील बरपाली अंतर्गत ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ में इन दिनों भक्ति और आस्था की अनोखी बयार बह रही है। ग्राम की समस्त मातृशक्ति द्वारा लगातार दूसरे वर्ष आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा अमृत का रसपान कर रहे हैं।
कथाव्यास प्रख्यात भागवत कथा आचार्य तिलकेजा वाले पंडित नूतन कुमार पांडेय द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का संगीतमय एवं भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए।
शुक्रवार को कथा के छठवें दिवस भगवान लीलाधर श्रीकृष्ण की अनेक लीलाओं और रुक्मणी मंगल प्रसंग का मनमोहक संगीतमय वर्णन किया गया। कथा के पश्चात रुक्मणी-कृष्ण विवाह का भव्य आयोजन संपन्न कराया गया, जिसमें आकर्षक झांकी भी निकाली गई।
कथा प्रांगण में भगवान श्रीकृष्ण बनी प्रदीप जायसवाल की पुत्री रिया जायसवाल और रुक्मणी बनी मुरारी श्रीवास की पुत्री गरिमा श्रीवास की मनोहारी प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। “आज मेरे श्याम की शादी है…” जैसे भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा कथा स्थल भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।

रुक्मणी मंगल की खुशियों में युवक-युवतियों, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सभी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भगवान श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह की खुशियां मनाईं।
आयोजकों ने बताया कि शनिवार को कथा के सातवें दिवस सुदामा चरित्र का वर्णन किया जाएगा। वहीं आठवें दिवस कथा समापन एवं चढ़ोत्री कार्यक्रम आयोजित होगा। नवें दिवस गीता-तुलसी वर्षा, हवन, सहस्त्रधारा, गंगास्नान, कपिला तर्पण और भंडारा प्रसाद वितरण के साथ धार्मिक आयोजन का समापन किया जाएगा।

