भिलाई,07 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 6 नाबालिगों ने फिल्मी अंदाज में दो युवकों का अपहरण कर लिया। अपहरण के करीब पांच घंटै तक शहर में घुमाया और फिर उनके साथ मारपीट कर लूटपाट की। इतना ही नहीं, चाकू की नोक पर दोनों युवकों का जबरन वीडियो भी बनवाया गया। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र निवासी एक युवक अपने रिश्तेदार दिव्य बांदे के साथ 2 जुलाई की रात दुर्ग-भिलाई घूमने आया था। दोनों युवक बाइक और सफेद एक्टिवा स्कूटी से आए थे। इसी दौरान देर रात करीब 4.30 बजे गदा चौक के पास उनकी स्कूटी खराब हो गई। उन्होंने वहां मौजूद दो युवकों से पास में मैकेनिक की दुकान के बारे में जानकारी मांगी। बातचीत के दौरान दोनों युवकों ने स्कूटी खरीदने की इच्छा जताई।
दस्तावेज नहीं दिखाने पर युवकों को घेरा
पीड़ित ने स्कूटी की कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई। जब स्कूटी के दस्तावेज मांगे गए तो युवक कागजात नहीं दिखा सके। इसके बाद आरोपियों ने स्कूटी को चोरी की बताना शुरू कर दिया और अपने चार अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद सभी 6 नाबालिगों ने दोनों युवकों को जबरदस्ती अपने साथ ले लिया। वही नाबालिगों ने दोनों युवकों कई जगहों पर घुमाया और मारपीट की। साथ ही तीन चांदी की अंगूठियां, एक चांदी का ब्रेसलेट, एक्टिवा स्कूटी, दो मोबाइल फोन और अन्य सामान छीन लिया।
दोनों युवकों से जबरन एक वीडियो रिकॉर्ड कराया
पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि, आरोपियों ने मोबाइल छीनने के बाद पेटीएम का पिन पूछकर खाते से 18 हजार 180 रुपए भी दूसरे क्यूआर कोड पर ट्रांसफर करा लिए। इसके अलावा बैग में रखे 5 हजार रुपए नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड और इलेक्ट्रिकल काम का सामान भी लूट लिया। आरोपी उन्हें बाइक पर बैठाकर नगपुरा, कुरूद, ग्रीन चौक और दुर्ग के अन्य इलाकों में करीब पांच घंटे तक घुमाते रहे। बाद में पुलगांव चौक के पास चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने दोनों युवकों से जबरन एक वीडियो रिकॉर्ड कराया, जिसमें उन्हें यह बोलने के लिए मजबूर किया गया कि वे स्कूटी चोरी कर बेचने आए थे। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उन्होंने पुलिस में शिकायत की तो वीडियो वायरल कर दिया जाएगा।
6 आरोपी नाबालिगों को कस्टडी में लेकर कर रही कार्रावाई
वहीं आरोपियों ने बाइक वापस कर दी। दोनों युवक किसी तरह अपने घर डौंडी पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। मारपीट के कारण दोनों युवकों को आंख, पीठ, पसली, कंधे, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। मामले में डौंडी थाना पुलिस से जीरो एफआईआर मिलने के बाद सुपेला थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि वारदात में शामिल सभी 6 आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस ने सभी को कस्टडी में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

