वीर हिरानी के एक्टर बनने के पीछे रणबीर कपूर का हाथ? राजकुमार हिरानी ने किया खुलासा - vedantsamachar.in

वीर हिरानी के एक्टर बनने के पीछे रणबीर कपूर का हाथ? राजकुमार हिरानी ने किया खुलासा

मुंबई : हाल के समय की सबसे चर्चित ओटीटी रिलीज़ में से एक ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ मशहूर फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी का स्ट्रीमिंग डेब्यू है। अपनी दमदार कहानी और शानदार परफॉर्मेंस के चलते इस सीरीज़ को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से खूब सराहना मिल रही है। हालांकि, इस शो का सबसे बड़ा आकर्षण बनकर उभरे हैं राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी, जिन्होंने इस सीरीज़ से अपने अभिनय की शुरुआत की है। उनकी परफॉर्मेंस को दर्शकों का भरपूर प्यार और प्रशंसा मिल रही है।

कैमरे के सामने आने से पहले वीर हिरानी कई वर्षों तक पर्दे के पीछे काम कर चुके हैं। उन्होंने अपने पिता राजकुमार हिरानी के साथ कई फिल्मों में असिस्टेंट के तौर पर काम किया। हाल ही में राजकुमार हिरानी ने खुलासा किया कि शायद रणबीर कपूर ने अनजाने में ही वीर को अभिनेता बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि वह हमेशा चाहते थे कि उनका बेटा उनकी तरह निर्देशक बने और शुरुआत में उन्होंने उसे अभिनय का फैसला बदलने के लिए भी समझाया था।

राजकुमार हिरानी ने कहा, ” वह बहुत अच्छी फिल्में बनाता था। स्कूल के दिनों में भी उसने बेहद शानदार फिल्में बनाई थीं। मुझे हमेशा लगता था कि वह डायरेक्टर बनेगा। 12वीं के बाद उसने पढ़ाई से ब्रेक लिया और ‘संजू’ में मेरे साथ असिस्ट किया। वह ‘पीके’ की कुछ शूटिंग शेड्यूल्स में भी मेरे साथ था।”

उन्होंने आगे कहा , “मुझे लगा कि वह निर्देशन सीख रहा है, लेकिन एक दिन उसने आकर कहा कि वह अभिनेता बनना चाहता है। मुझे लगता है कि उसने रणबीर को देखा और उनसे प्रभावित हो गया। रणबीर ने शायद उससे कहा होगा, ‘तू तो बड़ा हीरो है।’ बस फिर उसने सोच लिया होगा, ‘अब यही करना है।'”

‘प्रीतम एंड पेड्रो’ में विक्रांत मैसी, अरशद वारसी, बोमन ईरानी और मोना सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। साइबर क्राइम, कॉमेडी और भरपूर मनोरंजन का अनोखा मिश्रण पेश करने वाली इस थ्रिलर सीरीज़ का निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है। वहीं, इसे राजकुमार हिरानी ने क्रिएट और प्रोड्यूस किया है, जो उनके ओटीटी सफर की पहली पेशकश है। ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ फिलहाल सिर्फ जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है।