CBSE 12वीं बोर्ड कॉपी जांच में अपनाए गए तीन सुरक्षा स्तर : डॉ. संजय गुप्ता – vedantsamachar.in

CBSE 12वीं बोर्ड कॉपी जांच में अपनाए गए तीन सुरक्षा स्तर : डॉ. संजय गुप्ता

कोरबा, 19 मई 2026। सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर इंडस पब्लिक स्कूल दीपका के प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कक्षा 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के दौरान ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली लागू की गई, जिसमें करीब 98 लाख उत्तर पुस्तिकाओं को स्कैन कर मूल्यांकन किया गया और पूरी प्रक्रिया में सुरक्षा के तीन स्तर अपनाए गए।

डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि कुछ उत्तर पुस्तिकाओं में बहुत हल्के रंग की स्याही का उपयोग किया गया था, जिसके कारण बार-बार स्कैनिंग के बाद भी लिखावट स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही थी। ऐसे मामलों में परीक्षकों को संबंधित कॉपियां मैन्युअल रूप से जांचने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि 13 हजार से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं को अलग से चिन्हित कर हाथ से जांचा गया और उसके बाद अंक प्रणाली में दर्ज किए गए।

उन्होंने बताया कि सीबीएसई ने विद्यार्थियों की शंकाओं को दूर करने और मानसिक तनाव कम करने के उद्देश्य से हेल्पलाइन नंबर 1800-11-8004 और आधिकारिक ईमेल जारी किया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाएगा और परिणाम से जुड़ी हर प्रक्रिया में सहायता प्रदान की जाएगी।

डॉ. संजय गुप्ता ने कहा कि इस वर्ष हिंदी और अंग्रेजी माध्यम की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए पहली बार ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली का व्यापक उपयोग किया गया है। इस दौरान तकनीकी कारणों से कुछ उत्तर पुस्तिकाओं को पढ़ने में कठिनाई आई, लेकिन बोर्ड ने पारदर्शिता बनाए रखते हुए सभी मामलों में विशेष सावधानी बरती।

19 से 22 मई तक उत्तर पुस्तिका की स्कैंड कॉपी के लिए आवेदन

उन्होंने बताया कि यदि कोई छात्र अपने प्राप्त अंकों से असंतुष्ट है तो वह उत्तर पुस्तिका की स्कैंड कॉपी प्राप्त करने के लिए 19 से 22 मई तक आवेदन कर सकता है। इसके बाद 26 से 29 मई तक विद्यार्थी अंकों के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकेंगे। विशेषज्ञ समिति द्वारा प्रत्येक मामले की जांच की जाएगी।

डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष सीबीएसई ने छात्र हित में पुनर्मूल्यांकन शुल्क में भारी कमी की है। जहां पिछले वर्ष स्कैंड कॉपी के लिए 700 रुपये प्रति विषय, वेरिफिकेशन के लिए 500 रुपये प्रति विषय और पुनर्मूल्यांकन के लिए 100 रुपये प्रति प्रश्न शुल्क लिया जाता था, वहीं इस वर्ष स्कैंड कॉपी और वेरिफिकेशन के लिए केवल 100-100 रुपये तथा पुनर्मूल्यांकन के लिए प्रति प्रश्न 25 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि यदि रिचेकिंग के दौरान किसी विद्यार्थी के अंक बढ़ते हैं, तो उसकी पूरी रिचेकिंग फीस वापस कर दी जाएगी। इस फैसले से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिलने की उम्मीद है।