कोरबा,19 मई 2026। जिले में पिकनिक की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब झोराघाट से लौट रहे युवकों से भरी एक ऑटो बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत अजगरबहार के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार करीब 10 युवक झोराघाट में पिकनिक मनाकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अजगरबहार के समीप तेज रफ्तार ऑटो अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुन आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में खरमोरा निवासी सोनू यादव और सत्यम यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य घायल युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

