CG NEWS : बारात के दौरान हुए विवाद में युवक की हत्या, 08 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा,20फरवरी 2025 (वेदांत समाचार )। थाना चांपा क्षेत्र के ज्ञान गंगा स्कूल के पास स्थित भैंसा बाजार में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 06 आरोपियों सहित 02 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 16 फरवरी 2025 को मोहन केवट की शादी के दौरान हुई, जब बारात में शामिल लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी मनोज उर्फ गोलू मांझी ने अपने साथियों के साथ मिलकर रामधन पटेल और साहिल पटेल पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय जांजगीर में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण रायपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान 18 फरवरी 2025 की सुबह रामधन पटेल की मौत हो गई। पुलिस ने दस्तावेज प्राप्त कर अन्य धाराएं जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS) के निर्देश पर तत्काल आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी चांपा यदूमणि सिदार के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में लेढू उर्फ श्रवण यादव, दिगम्बर बरेठ, मनोज उर्फ गोलू मांझी, सागर यादव, चंद्रकांत पटेल और चंद्रप्रकाश यादव शामिल हैं। सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दो विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों को किशोर न्यायालय में पेश करने के बाद बाल संप्रेक्षण गृह कोरबा भेजा गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की जा रही है।