दुर्ग,16 मई (वेदांत समाचार)। कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार कार चालक ने ड्यूटी पर तैनात आरक्षक को कुचलने का प्रयास किया। घटना के बाद पुलिस टीम ने पीछा कर कार को सिरसा गेट के पास पकड़ लिया। वाहन में दो युवक और दो युवतियां संदिग्ध अवस्था में मिले। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, हत्या के प्रयास और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस प्रवक्ता मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि 15 मई को यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। चेकिंग ड्यूटी में सउनि सुशील पाण्डेय के साथ आरक्षक रमेश चंद्राकर रायपुर-दुर्ग मार्ग पर तैनात थे। इसी दौरान करीब 12.40 बजे रायपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही वाहन क्रमांक एमएच-02-एवाय-3475 दिखाई दी, जिसमें ब्लैक फिल्म लगी हुई थी।
आरक्षक रमेश चंद्राकर ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने कार की गति और बढ़ाते हुए आरक्षक को कुचलने का प्रयास किया। खुद को बचाने के दौरान आरक्षक के दाहिने हाथ की उंगली में चोट आई और वह वाहन के सामने गिर गया। आरोपियों ने कार को उसके सिर की ओर बढ़ाने की भी कोशिश की, लेकिन आरक्षक ने सतर्कता दिखाते हुए पीछे हटकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद वाहन चेकिंग में तैनात अन्य पुलिसकर्मियों ने यातायात पुलिस वाहन से कार का पीछा किया और सिरसा गेट के पास उसे पकड़ लिया। कार में दो युवक और दो युवतियां संदिग्ध अवस्था में मिले। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रमजान और जाकिर मोहम्मद निवासी नागपुर बताए।
पुलिस ने न्यू नेहरू नगर, नागपुर निवासी रमजान और बड़ा ताजबाग सक्करदारा, नागपुर निवासी जाकिर मोहम्मद के खिलाफ धारा 109(1), 221, 3(5) बीएनएस तथा धारा 184 और 100 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वाहन में मौजूद युवतियों के परिजनों को सूचना देकर उनके बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

