रायगढ़,16 मई (वेदांत समाचार)। जिले स्थित NTPC Limited लारा परियोजना में 15 मई 2026 को बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM-2026) का शुभारंभ उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर की उपस्थिति में किया। चार सप्ताह तक चलने वाले इस विशेष प्रशिक्षण अभियान का उद्देश्य स्कूली छात्राओं की गर्मी की छुट्टियों का सकारात्मक उपयोग करते हुए उन्हें शिक्षा एवं कौशल विकास के माध्यम से सशक्त बनाना है।

अभियान के तहत छात्राओं को पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, जीवन कौशल तथा विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के बौद्धिक एवं शारीरिक विकास को बढ़ावा देना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शशि मोहन सिंह ने बालिकाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बाल विवाह रोकने, महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर ने रायगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में NTPC लारा द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बालिका सशक्तिकरण अभियान NTPC की एक महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व पहल है, जिसका उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।

इस वर्ष आसपास के गांवों से 90 बालिकाओं का चयन इस कार्यशाला के लिए किया गया है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, जीवन कौशल सीखने और अपने सपनों को साकार करने के लिए एक सुनियोजित मंच प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में सभी महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, प्रेरिता महिला समिति की पदाधिकारी, सीआईएसएफ के उप कमांडेंट तथा बालिकाओं के अभिभावक उपस्थित रहे।

