कोयला हेराफेरी मामले में एक माह से फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया... - vedantsamachar.in

कोयला हेराफेरी मामले में एक माह से फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया…

बिलासपुर,30 जून (वेदांत समाचार)। हिर्री थाना पुलिस ने कोयला हेराफेरी के मामले में पिछले एक माह से फरार चल रहे आरोपी रिजवान खान (25) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(3), 317(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, मामले के प्रार्थी आशीष केशरी निवासी पेण्डा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कोयला परिवहन एवं लिफ्टिंग का कार्य करता है। एसईसीएल के अमेरा-विश्रामपुर क्षेत्र की खदान से तीन ट्रेलरों में उच्च गुणवत्ता (5500-5800 जीसीवी) का कोयला लोड कर सिलतरा स्थित गोपाल स्पंज एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड के लिए रवाना किया गया था।

आरोप है कि रास्ते में पेण्ड्रीडीह के पास आरोपी गंगा साहू और रिजवान खान ने ट्रेलरों को अग्रवाल के कोल डिपो ले जाकर प्रत्येक ट्रेलर से करीब पांच-पांच टन उच्च गुणवत्ता का कोयला उतरवा दिया। इसके स्थान पर 4700 जीसीवी का निम्न गुणवत्ता वाला कोयला भरकर ट्रेलरों को सिलतरा भेज दिया गया। शिकायत के आधार पर हिर्री थाना में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा नूपुर उपाध्याय के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में आरोपी नरेश कुमार अग्रवाल, वाहन स्वामी गंगा प्रसाद साहू तथा ट्रेलर चालक फिरोज अंसारी, निसार अंसारी और इमरान अंसारी को 25 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी रिजवान खान, निवासी खण्डोवा मंदिर के पीछे, रतनपुर, की लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस ने उसे मंगलवार 30 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।