जांजगीर-चांपा में कोरेक्स का काला कारोबार बेनकाब: तालाब किनारे बेच रहा था नशीली कफ सिरप, पुलिस ने आरोपी को दबोचा – vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में कोरेक्स का काला कारोबार बेनकाब: तालाब किनारे बेच रहा था नशीली कफ सिरप, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

जांजगीर-चांपा। जिले में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार पर चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। ग्राम सिवनी के तालाब किनारे अवैध रूप से कोरेक्स सिरप बेच रहे युवक को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से 25 नग मादक कफ सिरप, मोटरसाइकिल और नगदी रकम जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिले में नशीली दवाइयों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना चांपा पुलिस को 11 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिवनी स्थित मंडल तालाब के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से नशीली कफ सिरप की बिक्री कर रहा है।

सूचना मिलते ही थाना चांपा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां एक युवक मोटरसाइकिल के साथ काला बैग लेकर संदिग्ध हालत में खड़ा मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम राजू दिवाकर (35 वर्ष) निवासी बालपुर थाना चांपा बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के काले बैग से 25 नग मादक कफ सिरप/कोरेक्स सिरप बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 5 हजार 75 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से घटना में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BM 5855 और 950 रुपये नगद भी जब्त किए।

मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 222/26 के तहत धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक गौरीशंकर राय, ईश्वरी राठौर, विरेश सिंह, श्याम राठौर और थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।