धमतरी पुलिस की ऑनलाइन आईपीएल सट्टे पर बड़ी कार्रवाई, 2026 में 16 आरोपी गिरफ्तार, 30.98 लाख की संपत्ति जब्त - vedantsamachar.in

धमतरी पुलिस की ऑनलाइन आईपीएल सट्टे पर बड़ी कार्रवाई, 2026 में 16 आरोपी गिरफ्तार, 30.98 लाख की संपत्ति जब्त

धमतरी, 25 जून 2026 (वेदांत समाचार)। ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ धमतरी पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक की सबसे बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए संगठित सट्टा नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत जिले में 8 अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान 30 लाख 98 हजार 800 रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।

धमतरी पुलिस के अनुसार 24 जून 2026 तक जिले में ऑनलाइन सट्टे के कुल 8 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 15 मोबाइल फोन, तीन लग्जरी वाहन, दो स्कूटी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। जब्त किए गए वाहनों में XUV700, आर्टिगा और टाटा नेक्सॉन जैसी महंगी गाड़ियां शामिल हैं।

पुलिस जांच में ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़ी आठ वेबसाइटों और एप्लीकेशनों का खुलासा हुआ है। इनमें FancodeExch, GrandExchange, GoldenExch, BlissExch, CricCode, Reddyanna, All Pannale और All Paynal जैसे प्लेटफॉर्म शामिल हैं। रूद्री, सिटी कोतवाली और कुरूद थाना क्षेत्रों में समन्वित कार्रवाई कर इस नेटवर्क से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

धमतरी पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2023 से लेकर 2026 तक ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ कार्रवाई में लगातार वृद्धि दर्ज हुई है। वर्ष 2023 में एक प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और 65 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। वर्ष 2024 में दो मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार हुए और 95 हजार 995 रुपये की जब्ती हुई। वर्ष 2025 में तीन मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 3 लाख 92 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। वहीं वर्ष 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 8 प्रकरण, 16 आरोपी और 30.98 लाख रुपये की जब्ती तक पहुंच गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह वृद्धि अपराध में बढ़ोतरी नहीं बल्कि पुलिस की तकनीकी दक्षता, निगरानी क्षमता और प्रभावी कार्रवाई का परिणाम है। ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क तक पहुंचने के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र, आईपीडीआर और सीडीआर विश्लेषण, बैंक खातों की फोरेंसिक जांच तथा डिजिटल साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया। इसके जरिए उन अपराधियों तक पहुंच बनाई गई जो तकनीक की आड़ में कानून से बचने का प्रयास कर रहे थे।

आमातालाब रोड, रेलवे स्टेशन क्षेत्र और पीजी कॉलेज मैदान सहित जिले के कई स्थानों पर की गई कार्रवाई में सट्टा नेटवर्क की कई परतें खुलकर सामने आईं। पुलिस का दावा है कि प्रत्येक गिरफ्तारी के साथ नए सुराग मिले, जिससे पूरे नेटवर्क के संचालन की जानकारी जुटाने में सफलता मिली।

धमतरी पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टा, जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।