नई दिल्ली,25 जून : Hayley Matthews Wicket Controversy: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए मुकाबले में एक बड़ा अंपायरिंग विवाद देखने को मिला. वेस्टइंडीज की कप्तान और स्टार ऑलराउंडर हेली मैथ्यूज लॉर्ड्स में खेले गए इस मैच के दौरान टीवी अंपायर के एक काफी चौंकाने वाले फैसले का शिकार हुईं, जिसके बाद उन्होंने मैदान पर ही अपनी कड़ी नाराजगी और निराशा जाहिर की. दरअसल, बल्ले और गेंद के बीच साफ गैप दिखने के बावजूद उन्हें अंपायर ने आउट करार दिया.
क्या था पूरा मामला और थर्ड अंपायर का फैसला?
वेस्टइंडीज की पारी के चौथे ओवर में यह घटना घटी. इंग्लैंड की गेंदबाज लिन्से स्मिथ की एक गेंद पर हेली मैथ्यूज ने कट शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधा विकेटकीपर एमी जोन्स के पास चली गई. जिसके बाद एमी जोन्स ने कैच की जोरदार अपील की. लेकिन मैदानी अंपायर एन जनानी ने इसे नॉट-आउट करार दिया, जिसके बाद इंग्लैंड की कप्तान चार्ली डीन ने रिव्यू (DRS) ले लिया.
शुरुआती वीडियो रीप्ले में गेंद बल्ले के पास से गुजरती तो दिखी, लेकिन कोई साफ डिफ्लेक्शन नजर नहीं आया. इसके बाद जब टीवी अंपायर निमाली परेरा ने ‘अल्ट्रा-एज’तकनीक का रुख किया, तो उसमें एक तीखी स्पाइक दिखाई दी, जो बल्ले के संपर्क को बताती थी. मगर सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि जिस फ्रेम पर वह स्पाइक दिख रही थी, उसी फ्रेम के सामने वाले वीडियो रीप्ले में बल्ले और गेंद के बीच एक साफ गैप दिखाई दे रहा था. अंपायर परेरा ने भी उस गैप को माना और फीर से जांच की. लेकिन अंत में उन्होंने मैदानी अंपायर को अपना फैसला बदलकर आउट देने का निर्देश दे दिया. जिसने हर किसी को हैरान कर दिया.
मैदान से लेकर बाउंड्री लाइन तक दिखा गुस्सा
इस फैसले से हेली मैथ्यूज काफी नाखुश और हैरान नजर आईं. वो मैदान से बाहर जाने से पहले मैदानी अंपायर जनानी और एलोइस शेरिडन से बहस करती दिखीं. मैदान से बाहर आने के बाद भी उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने डगआउट में हेड कोच शेन डिट्ज के साथ बैठकर इस डिसमिसल के रीप्ले को दोबारा देखा. इसके बाद वो बाउंड्री लाइन के पास रिजर्व अंपायर केरिन क्लास्टे से भी इस पर लंबी चर्चा करती हुई नजर आईं.

