सक्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी देवेन्द्र उर्फ भोलू सिदार गिरफ्तार – vedantsamachar.in

सक्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी देवेन्द्र उर्फ भोलू सिदार गिरफ्तार

सक्ती, 11 मई (वेदांत समाचार)। हत्या के प्रयास और मारपीट के गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को सक्ती पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से स्थायी गिरफ्तारी वारंट भी जारी था। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 280/2024 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) और 332(सी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। मामले की शिकायत परसदाखुर्द निवासी श्रीमती बनकुंवर पटेल ने दर्ज कराई थी।

शिकायत में बताया गया कि 10 जुलाई 2024 की सुबह करीब 8 बजे वह अपने घर के दरवाजे के पास खड़ी थीं। इसी दौरान हरदा निवासी देवेन्द्र उर्फ भोलू सिदार वहां पहुंचा और मोटरसाइकिल खड़ी करने तथा चोरी की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। जब महिला अपने घर के अंदर चली गईं तो आरोपी जबरन घर में घुस गया और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट कर घायल कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा उसकी लगातार तलाश की जा रही थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। इसके बाद सक्ती पुलिस ने पुलिस अधीक्षक को प्रतिवेदन भेजकर आरोपी के खिलाफ उद्घोषणा जारी करने का अनुरोध किया। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 3000 रुपये का इनाम घोषित किया था।

हाल ही में पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव हरदा में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी देवेन्द्र उर्फ भोलू सिदार के खिलाफ पहले से भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। अपराध क्रमांक 306/2023 में धारा 307, 456, 459, 294, 506 और 34 भादवि के तहत मामला दर्ज है। इस प्रकरण में माननीय प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश सक्ती के न्यायालय से स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही उक्त वारंट की भी तामिली की गई।

पूरी कार्रवाई निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक मिथुन सुल्तान, प्रधान आरक्षक शब्बीर मेमन, आरक्षक यादराम चंद्रा, महासिंह सिदार और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।