एचपी ने सोमवार (11 मई) को भारत में अपनी नई OmniBook 2026 लैपटॉप सीरीज लॉन्च कर दी है, जिसमें HP OmniBook Ultra 14, OmniBook X और OmniBook 5 शामिल हैं. कंपनी का दावा है कि ये नए लैपटॉप AI आधारित कामों के लिए खास तौर पर डिजाइन किए गए हैं और इनमें 80 TOPS तक की AI परफॉर्मेंस मिलती है. नई ओमनीबुक सीरीज में इंटेल कोर अल्ट्रा और क्वालकॉम स्नैपड्रैगन एक्स प्रोसेसर का इस्तेमाल किया गया है. कंपनी ने इन लैपटॉप्स को प्रीमियम डिजाइन, लंबी बैटरी लाइफ और हाई क्वालिटी OLED डिस्प्ले के साथ पेश किया है. भारत में इनकी शुरुआती कीमत 1,24,999 रुपये से शुरू होती है.
भारत में कितनी है कीमत
HP OmniBook Ultra 14 (2026) की कीमत भारत में Snapdragon वेरिएंट के लिए 1,89,999 रुपये से शुरू होती है, जबकि Intel Ultra वेरिएंट की शुरुआती कीमत 2,14,999 रुपये रखी गई है. वहीं HP OmniBook X (2026) को 1,69,999 रुपये की शुरुआती कीमत में लॉन्च किया गया है. इसके अलावा HP OmniBook 5 (2026) की शुरुआती कीमत 1,24,999 रुपये है.
HP OmniBook Ultra 14 में मिलेंगे फ्लैगशिप फीचर्स
HP OmniBook Ultra 14 (2026) कंपनी का सबसे प्रीमियम मॉडल है, जिसे Intel Core Ultra 7 356H और Qualcomm Snapdragon X प्रोसेसर ऑप्शन के साथ लॉन्च किया गया है. इस लैपटॉप में 14 इंच का 3K OLED टचस्क्रीन डिस्प्ले मिलता है, जो 120Hz वैरिएबल रिफ्रेश रेट और 500 निट्स ब्राइटनेस सपोर्ट करता है. कंपनी के मुताबिक यह लैपटॉप 50 TOPS तक AI परफॉर्मेंस दे सकता है. इसमें 16GB LPDDR5x RAM और 1TB SSD स्टोरेज का सपोर्ट मिलता है. लैपटॉप में वेपर चेंबर कूलिंग, 5MP IR कैमरा, Wi-Fi 7 और Bluetooth 6 जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं. इसकी बैटरी करीब 22.75 घंटे तक चलने का दावा करती है.
OmniBook X और OmniBook 5 भी हुए लॉन्च
कंपनी ने ओमनीबुक एक्स और ओमनीबुक 5 को भी लॉन्च किया है. OmniBook 5 में Intel Core Ultra 7 355 प्रोसेसर मिलता है, जो AI टास्क्स के लिए 49 TOPS तक NPU परफॉर्मेंस देने का दावा करता है. इसमें 14 इंच का 2K OLED डिस्प्ले दिया गया है, जिसकी स्क्रीन टू बॉडी रेशियो 91 प्रतिशत है. लैपटॉप में 16GB RAM और 1TB SSD स्टोरेज सपोर्ट भी मिलता है. कंपनी का कहना है कि इसकी बैटरी लगभग 21.5 घंटे तक चल सकती है और 65W फास्ट चार्जिंग से 30 मिनट में 50 प्रतिशत चार्ज हो जाती है.
डिजाइन, बैटरी और AI फीचर्स पर खास फोकस
नई HP OmniBook सीरीज को पतले और प्रीमियम डिजाइन के साथ पेश किया गया है. OmniBook 5 सिर्फ 13.6mm पतला है और इसका वजन लगभग 1.33 किलोग्राम है. लैपटॉप्स में बैकलिट कीबोर्ड, Copilot बटन और स्मार्ट जेस्चर सपोर्ट वाले टचपैड दिए गए हैं. कंपनी ने AI आधारित फीचर्स पर खास फोकस किया है ताकि यूजर्स को बेहतर मल्टीटास्किंग और स्मार्ट वर्क एक्सपीरियंस मिल सके. इसके अलावा सभी मॉडल Windows 11 पर चलते हैं और ऑनलाइन मीटिंग्स व कंटेंट क्रिएशन जैसे कामों के लिए तैयार किए गए हैं. HP का कहना है कि नई OmniBook सीरीज प्रोफेशनल्स और क्रिएटर्स दोनों के लिए शानदार विकल्प साबित हो सकती है.

