काठमांडू, 11 मई: नेपाल की राजधानी काठमांडू के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक तुर्की विमान की लैंडिंग के दौरान उसके टायर में आग लग गई। जिस वक्त ये घटना घटी उस समय प्लेन के अंदर 289 यात्री सवार थे। इसमें चालक दल के सदस्य भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के समय तुर्की एयरलाइंस के प्लेन के टायर में अचानक आग लग गई। हालांकि, आग लगते ही एयरपोर्ट में तैनात अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए आग को बुझा दिया और विमान में मौजूद सभी लोगों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। काठमांडू पुलिस ने इस मामले की पुष्टि की है। पुलिस ने कहा कि आग को पूरी तरह से बुझा लिया गया है और स्थिति काबू में है।
एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि हादसे के समय प्लेन में कुल 289 लोग सवार थे। इसमें 278 यात्री और 11 चालक दल के सदस्य शामिल थे। इन यात्रियों में संयुक्त राष्ट्र (UN) के भी कुछ अधिकारी सवार थे। अधिकारियों ने कहा कि आग को समय रहते ही बुझा लिया गया और संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों को सुरक्षित तरीके से ही विमान से रेस्क्यू किया गया।

