बिलासपुर, 25 जून 2026 (वेदांत समाचार)। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बिलासपुर जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी और बिजली विभाग के एक क्लर्क को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जांच कर जाल बिछाया और आरोपियों को रिश्वत की रकम लेते समय पकड़ लिया।
पहली कार्रवाई रतनपुर क्षेत्र के ग्राम लालपुर में पदस्थ पटवारी भानू चंद्राकर के खिलाफ की गई। शिकायतकर्ता अशोक अग्रवाल ने एसीबी को बताया था कि जमीन के नक्शा-बटांकन से संबंधित कार्य कराने के लिए पटवारी ने 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में बातचीत के दौरान यह राशि 25 हजार रुपये तय हुई। शिकायत की सत्यता की जांच करने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पटवारी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी कार्रवाई मस्तूरी स्थित बिजली वितरण कंपनी कार्यालय में की गई। यहां पदस्थ क्लर्क सहदेव कुमार चंद्रा पर किसान त्रिलोकी साहू से खेत में विद्युत पोल लगाने की प्रक्रिया पूरी कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच की और आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी क्लर्क को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।
एसीबी की दोनों कार्रवाइयों के बाद राजस्व विभाग और बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। एक ही दिन में दो सरकारी कर्मचारियों के रिश्वत लेते पकड़े जाने से सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
एंटी करप्शन ब्यूरो ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

