जांजगीर-चांपा, 25 जून 2026 (वेदांत समाचार)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और रात्रिकालीन यातायात को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक अभिनव पहल शुरू की है। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत पुलिस ने चांपा क्षेत्र में आवारा घूमने वाले मवेशियों के गले में रेडियम पट्टियां लगाई हैं, ताकि रात के समय वाहन चालकों को ये दूर से दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के मार्गदर्शन में जिले में लगातार सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में जागरूक युवाओं और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से यह विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले गाय, बैल और बछड़ों के गले में रेडियम युक्त पट्टियां बांधी गईं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रात के समय जब किसी वाहन की हेडलाइट इन पट्टियों पर पड़ेगी तो वे चमकेंगी, जिससे चालक दूर से ही मवेशियों को देख सकेंगे और समय रहते वाहन की गति नियंत्रित कर दुर्घटना से बच सकेंगे।
जिले में कई बार आवारा मवेशियों के कारण सड़क हादसे सामने आते रहे हैं। खासकर राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर रात के समय सड़क पर बैठे या घूमते मवेशियों से टकराकर वाहन चालक घायल हो जाते हैं। ऐसे हादसों को रोकने के लिए पुलिस की यह पहल काफी उपयोगी मानी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने आम नागरिकों और पशुपालकों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने मवेशियों को खुला छोड़ने के बजाय सुरक्षित स्थानों पर रखें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
जांजगीर-चांपा पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के जनहितकारी अभियान भविष्य में भी लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का पालन कराना ही नहीं, बल्कि सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त यातायात व्यवस्था स्थापित करना भी है।

