कोरबा,05 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत डोंगानाला के आश्रित ग्राम गणेशपुर में 7 साल के मासूम की दरिंदगी के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पड़ोसी युवक ने बच्चे को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले जाकर गंदी हरकत की और विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी। घटना के दो दिन बाद बच्चे का शव 12 फीट गहरे कुएं से बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गणेशपुर निवासी किसान शिवकुमार खुरसेंगा का 7 वर्षीय पुत्र आयान 2 अप्रैल की दोपहर अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था। नहाने के बाद अन्य बच्चे घर लौट आए, लेकिन आयान वापस नहीं पहुंचा। काफी देर तक घर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों को जानकारी मिली कि आयान को आखिरी बार पड़ोस में रहने वाले रंजीत कुमार (19) के साथ देखा गया था। इसके बाद परिवार ने थाने में इसकी सूचना दी। 3 अप्रैल को भी बच्चे का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद गांव में बैठक बुलाई गई और शक के आधार पर रंजीत से पूछताछ की गई, लेकिन वह गोलमोल जवाब देता रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए 4 अप्रैल को थाना प्रभारी नागेश तिवारी गांव पहुंचे और सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने बताया कि बच्चे का शव पड़ोसी गांव करतली के एक खेत में बने कुएं में है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुएं से शव बरामद किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे की हालत में तालाब पहुंचा था, जहां आयान नहा रहा था। उसने बच्चे को बहलाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ गंदी हरकत की। विरोध करने पर उसने बच्चे के सिर पर पत्थर से चार बार वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को कुएं में फेंक दिया।
पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने बताया कि 7 साल के बच्चे का शव कुएं में मिलने के बाद पुलिस जांच कर रही थी। जांच में सामने आया कि पड़ोस में रहने वाले आरोपी युवक ने ही घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया गया है।
