मुंबई। भारतीय ओटीटी जगत में पारिवारिक और भावनात्मक कहानियों के लिए पहचान बना चुके TVF (The Viral Fever) ने अपनी लोकप्रिय वेब सीरीज Gullak के पांचवें सीजन का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। सोशल मीडिया पर मेकर्स द्वारा साझा किए गए एक पोस्ट के बाद फैंस के बीच उत्साह और भी बढ़ गया है।
टीवीएफ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा,
“ऐसा लग रहा है… मिश्रा निवास में कुछ बदल गया है… आपको भी समझ आ रहा है क्या?”
इसके साथ ही Gullak5 और NayeHisseNayeKisse जैसे हैशटैग भी शेयर किए गए, जिससे साफ हो गया कि दर्शकों की पसंदीदा कहानी अब नए रंग और नए किस्सों के साथ लौटने वाली है।
Instagram Post
दर्शकों के दिलों में खास जगह बना चुकी है ‘गुल्लक’
Gullak के अब तक आए चारों सीजनों को दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया है। मध्यमवर्गीय परिवार की छोटी-छोटी खुशियों, संघर्षों और रिश्तों को बेहद सरल और भावनात्मक अंदाज में पेश करने वाली इस सीरीज ने हर वर्ग के दर्शकों से जुड़ाव बनाया है। यही वजह है कि इसके पांचवें सीजन का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था।
TVF लगातार दे रहा हिट कंटेंट
हाल ही में Sapne Vs Everyone की सफलता के बाद टीवीएफ की लोकप्रियता और बढ़ गई है। दर्शकों के बीच रिलेटेबल और क्वालिटी कंटेंट पेश करने के लिए मशहूर टीवीएफ अब भारतीय ओटीटी प्लेटफॉर्म्स में सबसे भरोसेमंद कंटेंट क्रिएटर्स में गिना जा रहा है।
IMDb की टॉप 250 टीवी शोज की सूची में भी टीवीएफ के कई चर्चित शोज शामिल हैं। इनमें TVF Pitchers, Panchayat, Gullak, Kota Factory, Aspirants और Yeh Meri Family जैसे शो शामिल हैं, जिन्हें देश ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर भी सराहना मिली है।
आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर भी चर्चा में TVF
इसके अलावा टीवीएफ ने हाल ही में आयोजित “प्राइम वीडियो प्रेजेंट्स” इवेंट में भी कई बड़े प्रोजेक्ट्स की घोषणा कर सुर्खियां बटोरी थीं। आगामी फिल्मों और वेब सीरीज की लंबी सूची में नए शो और कई लोकप्रिय सीरीज के नए सीजन शामिल हैं।
ओटीटी दर्शकों के बीच लगातार बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए माना जा रहा है कि Gullak का पांचवां सीजन भी दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने में सफल रहेगा।

